Sunday, June 6, 2010

चलो बॉस इस बार होली बॉलीवुड में..


होली पर देश के कुछ राजनीतिज्ञों ने सोचा कि क्यों न बॉलीवुड का रुख किया जाए। क्यों न रंगों की हौदी में तारिकाओं संग डुबकी लगाई जाए। सेना सुप्रीमो काल ठाकरे ने तय किया है कि इस होली पर वे अपने सारे पाप धो लेंगे, शायद इसीलिए उन्होंने अपने सारे दोस्तों और कथित दुश्मनों को होली खेलने के लिए आमंत्रित किया। यूपी और बिहार के नेताओं को उन्होंने विशेष रूप से बुलाया। अमर सिंह, मुलायम सिंह, लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, मायावती और खास मेहमानों में एनडी तिवारी बुलाए गए। महाराष्ट्र से शरद पवार, राज ठाकरे, अशोक चव्हाण जैसे दिग्गज नेताओं के नाम भी लिस्ट में शामिल थे। राहुल गांधी, मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी भी बहुत आग्रह के बाद आने को राजी हो गये और क्रिकेट खिलाड़ियों में जावेद मियांदाद और अब्दुल रज्जाक को बुलाया गया।
ठाकरे जानते हैं कि राजनेताओं के मन में बॉलीवुड की अभिनेत्रियों के साथ होली खेलने की दबी-छिपी इच्छा हमेशा से मौजूद रही है, इसलिए उन्होंने सभी हॉट अभिनेत्रियों को इसमें आने की दावत दी। रीना कैफ, फरीना कपूर, रीपिका पॉपकॉन, श्रीयंका चोपड़ा, खाजोल, ईल्पा शेट्टी और अंगना रानावत के साथ उन्होंने अपने समय की ड्रीम गर्ल रही हेमा मालिनी और उनकी बेटी ईर्ष्या देओल को भी (लालू प्रसाद के आग्रह पर) बुलाया। और बॉलीवुड की बहू मानी जाने वाली माधुर्या राय को तो इस मौके पर आना ही था, क्योंकि उनके ससुर फजिताभ की यह जिद थी कि वह आएं। अभिनेताओं में काहरुख, मजय देवगन, सक्षय कुमार, फजिताभ बच्चन, सेफ ली खान, शागिर्द कपूर और इडियट जामिर खान को भी बुलाया गया। वेन्यू को शोले फिल्म के होली के सैट में तब्दील कर दिया गया था। लॉन में एक बड़ी कुरसी पर काला साहेब मौजूद थे। कार्यक्रम शुरू हुआ और मंच पर पाशा, रीना, अंगना और कीना ‘मैं आई हूं यूपी बिहार लूटने, गीत पर ठुमकने लगीं। पॉलीवुड के सभी लोग इस गाने पर झूम से रहे थे। तभी एनडी तिवारी उठे और मंच पर पहुंच कर इन बालाओं के संग नाचने लगे। अचानक उनकी नजर एक कैमरा मैन पर पड़ी और उनके नाचते हुए पैर थम गये। वह वापस अपनी सीट पर आकर बैठ गये। इसके बाद खाजोल, मजय और काहरुख को एक सॉन्ग पर परफॉर्म करना था। मजय देवगन को तबला बजाने की जिम्मेदारी दी गयी और काहरुख-खाजोल के साथ डांस कर रहे थे-गाना था रंग बरसे भीगे चुनर वाली रंग बरसे।
इसके बाद एक-दूसरे को गुलाल लगाने की सेरेमनी रखी गयी थी। सबसे पहले लालू यादव ने हे मा को गुलाल लगाया और शरारती अंदाज में कहा, हम बिहार की सड़कों को हे मा के गालों की तरह चिकना बनाये थे, पर नितीशवा ने उन्हें ऐसा बना दिया है, जैसे इनके गाल अब हैं-खुरदरे। नितीश ईर्ष्या देओल के साथ होली खेलने में मस्त थे। मनमोहन सिंह ने रीपिका को गुलाल लगाया। रीपिका राहुल गांधी के साथ होली खेलती रहीं। दोनों ने अपने सिंगल होने का दर्द भी बांटा। काहरुख ने काला साहेब के पास बैठे जावेद मियांदाद की तरफ देख कर एक मुस्कराहट फेंकी। मेहमानों की फरमाइश पर फजिताभ ने बरसों बाद अमरसिंह और माधुर्या के साथ खई के पान बनारस वाला.. गीत पर डांस किया। सब अमिषेक बच्चन को तलाश कर रहे थे, तभी भीड़ में से आवाज आईं वह तो जॉन के साथ दोस्ताना के सीक्वल में बिजी हैं। सबको भांग ऑफर करने के बाद काला साहेब ने कहा कि इस होली से यह महाष्ट्रियन मानुष सारी दुश्मनियां खत्म कर रहा है। अब मुंबई यूपी बिहार की भी है और पाक क्रिकेटर यहां आकर खेल सकते हैं। अब सेना एक सेक्यूलर पार्टी होगी। पार्टी में मौजूद लोग हैरान थे और सोच रहे थे कि काल ठाकरे ने भांग के कितने गिलास पिये हैं। तभी रीपिका ने राहुल गांधी के कान में कहा कि बाला साहेब को खाज ठाकरे ने कुछ ज्यादा ही भांग पिला दी है।

सुधांशु गुप्त

No comments: